श्री बुर्जीवाला मंदिर में होगा सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का आयोजन

आगरा: जयपुर हाउस स्थित श्री बुर्जीवाला मंदिर में सजेगा श्रीमद्भागवत कथा का दरबार, 18 मई से भक्ति की बहेगी रसधार

551 मंगल कलशों के साथ निकलेगी भव्य कलश यात्रा-वृंदावन के आचार्य राजेश शास्त्री कराएंगे कथा का अमृतपान

आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर जयपुर हाउस, प्रताप नगर स्थित श्री बुर्जीवाला मंदिर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर होने जा रहा है। श्री बुर्जीवाला मंदिर संचालन समिति की ओर से आगामी 18 से 25 मई तक भव्य 'सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव' का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को समिति के पदाधिकारियों ने श्रद्धा भाव के साथ कथा के आमंत्रण-पत्र का विमोचन किया।

​वृंदावन के आचार्य करेंगे कथा रसपान:

समिति ने बताया कि कथा में वृंदावन धाम से पधार रहे सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य राजेश शास्त्री महाराज अपने श्रीमुख से भक्तों को श्रीमद्भागवत कथा का अमृतपान कराएंगे। कथा स्थल पर प्रतिदिन आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां भी सजाई जाएंगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

​भव्य कलश यात्रा से होगा शुभारंभ:

मुख्य यजमान गौरव बंसल व निधि बंसल ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कथा महोत्सव का शुभारंभ 18 मई को सुबह 7:00 बजे जयपुर हाउस स्थित चिंताहरण मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इस यात्रा में 551 महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर भक्ति और आस्था की अनुपम छटा बिखेरेंगी। कलश यात्रा के मार्ग में आठ विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा एवं भव्य स्वागत की तैयारी की गई है। इसके पश्चात उसी शाम को श्री बुर्जीवाला मंदिर में कथा का विधिवत शुभारंभ होगा।

​आयोजन की रूपरेखा:

समन्वयक विजय बंसल ने बताया कि प्रतिदिन शाम 4:00 से 7:00 बजे तक दिव्य कथा का रसपान कराया जाएगा। आयोजन का विवरण इस प्रकार है:

​18 मई: भव्य कलश यात्रा एवं कथा प्रारंभ।

​19 मई: मंगलाचरण एवं कुंती-भीष्म स्तुति।

​20 मई: सती, ध्रुव एवं प्रहलाद चरित्र।

​21 मई: समुद्र मंथन, रामचरित्र और नंदोत्सव।

​22 मई: श्रीकृष्ण बाल लीलाएं एवं गोवर्धन पूजन।

​23 मई: कंस उद्धार, रासलीला और श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह।

​24 मई: सुदामा चरित्र एवं कथा विश्राम।

​25 मई: पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारा।

​आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र के भक्तों में भारी उत्साह और उल्लास का माहौल है। समिति ने सभी धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पधार कर पुण्य लाभ कमाने की अपील की है।


संवाददाता: धर्मेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट आगरा...

Comments

Popular posts from this blog

जय झूलेलाल के जयघोष से गूंजा नीलगिरी सिंध एनक्लेव, आस्था-भक्ति के संग भव्य जयंती उत्सव”

सूरसदन में वार्षिक उत्सव 2025 का भव्य आयोजन - दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत, बच्चों की कृष्ण लीला पर आधारित प्रस्तुतियों ने जीता हृदय

चुन्नीलाल अग्रवाल धर्मशाला फर्जीवाड़े में नया मोड़ अग्रवाल समाज में फैला आक्रोश