गुरुद्वारा नॉर्थ ईदगाह में रविवार को लगेगा विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर- सुखमनी सेवा सभा और गुरु प्रकाश फाउंडेशन की संयुक्त पहल
आगरा के उच्च कोटि के विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे निःशुल्क सेवाएं
सुबह अमृतमयी कीर्तन और गुरु का लंगर, तत्पश्चात सुबह 9 बजे से शुरू होगा शिविर
आगरा, 15 मई, 2026: नगर की प्रमुख सामाजिक व धार्मिक संस्था सुखमनी सेवा सभा द्वारा गुरु प्रकाश फाउंडेशन के सहयोग से आगामी रविवार, 17 मई को एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर गुरुद्वारा नॉर्थ ईदगाह में सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगा।
एक प्रेस वार्ता के दौरान कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सुखमनी सेवा सभा के वीर महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि सभा पिछले 30 वर्षों से निष्काम और निस्वार्थ भाव से संगत की सेवा कर रही है। हर रविवार सुबह 5:00 से 8:00 बजे तक आगरा के विभिन्न गुरुद्वारा साहिबों व घरों में पाठ, सिमरन और कीर्तन के रूप में यह सेवा निभाई जाती है। इसी कड़ी में इस रविवार को अमृतवेले सुबह 5:00 से 8:00 बजे तक अमृतमयी कीर्तन दीवान सजेंगे, जिसके बाद गुरु का अटूट लंगर बरतेगा और ठीक 9:00 बजे से विशाल चिकित्सा शिविर की शुरुआत होगी।
शिविर में सेवाएं देने वाले प्रमुख विशेषज्ञ डॉक्टर्स:
इस शिविर में आगरा के ख्याति प्राप्त चिकित्सक अपनी निःशुल्क सेवाएं और परामर्श देंगे, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
फिजिशियन: डॉ. बक्शी
गायनेकोलॉजिस्ट (स्त्री रोग विशेषज्ञ): डॉ. निधि गुप्ता एवं डॉ. आकृष्टि गुप्ता
पैथोलॉजिस्ट: डॉ. अनुराग टंडन एवं डॉ. पारुल टंडन
डेंटिस्ट (दंत रोग विशेषज्ञ): डॉ. पूजा कपूर
फिजियोथेरेपिस्ट: डॉ. एस. के. गुप्ता
प्रेस वार्ता में गुरु प्रकाश फाउंडेशन की लवली कथूरिया ने बताया कि उन्होंने इस फाउंडेशन की शुरुआत अपने पूजनीय माता-पिता की स्मृति में की है, जिसके माध्यम से हर क्षेत्र में सेवा कार्य किए जाते हैं। सुखमनी सेवा सभा के गुरमीत सिंह सेठी ने आगरा की समस्त संगत और आम जनता से अपील की है कि वे इस शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ उठाएं और इसे सफल बनाएं।
इस प्रेस वार्ता के दौरान समाज सेवी श्याम भोजवानी, सतीश सिंह अरोड़ा, रिंकू गुलाटी, मनीष नागरानी, बॉबी खट्टर, हरजीत सिंह प्रिंस और सरदार त्रिलोक सिंह सहित कई गणमान्य लोग गरिमामयी रूप से उपस्थित रहे।
संवाददाता धर्मेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट आगरा...

Comments
Post a Comment