झूलेलाल चालिहा साहिब के समापन पर भव्य भजन समागम, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
फूल बंगले में विराजमान भगवान झूलेलाल के मनोहारी बहराणा साहिब के दर्शन कर भक्त हुए भाव-विभोर
आगरा। झूलेलाल चालिहा साहिब के 40 दिवसीय आयोजन के समापन अवसर पर कृष्णा कॉलोनी गेट के बाहर विशाल पंडाल में भव्य एवं दिव्य भजन समागम का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे फूलों और गुब्बारों से सजे फूल बंगले में विराजमान भगवान श्री झूलेलाल जी के मनोहारी बहराणा साहिब के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आयोजन में सिंधी समाज के साथ सर्व समाज के श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
दीप प्रज्ज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ भजन समागम का शुभारंभ हुआ। प्रसिद्ध भजन गायकों किशोर हीरानी, संजय रामचंदानी, हरीश बलेचा, बाबू भगत एवं नारू भगत ने झूलेलाल साईं के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर जय झूलेलाल प्रसाद सेवा परिवार की ओर से श्रद्धालुओं का पटका एवं टोपी पहनाकर सम्मान किया गया। समापन पर आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने मीठे चावल, छोले-राजमा चावल, पूरी-सब्जी एवं मिल्क रोज का प्रसाद ग्रहण किया।
समाजसेवी श्याम भोजवानी ने कहा कि 40 दिवसीय चालिहा साहिब का आयोजन आस्था, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक रहा। सिंधी समाज के साथ सर्व समाज की सहभागिता ने आयोजन की भावना को और अधिक मजबूत किया। उन्होंने भगवान झूलेलाल जी से जय झूलेलाल प्रसाद सेवा परिवार सहित सभी श्रद्धालुओं पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
संवाददाता धर्मेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट आगरा...

Comments
Post a Comment