व्यापार और प्रोफेशन का महा संगम: आईसीएसआई मंच पर उद्योग जगत और सीएस प्रोफेशनल्स का मंथन- राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन जी चंदक की मौजूदगी में गहन चर्चा, उद्योग और प्रोफेशन के तालमेल से विकास के नए आयामों पर सहमति
भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) की आगरा शाखा द्वारा फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी पैलेस में ‘कॉन्फ्लुएन्स ऑफ बिज़नेस एंड प्रोफेशन (व्यापारी और पेशेवरों का संगम)’ विषय पर हुई सेमिनार का शुभारंभ करते मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन जी. चंदक, शाखा अध्यक्ष सीएस अनुज अशोक अग्रवाल आदि। आगरा। भारतीय कंपनी सचिव संस्थान (आईसीएसआई) की आगरा शाखा द्वारा शुक्रवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी पैलेस में ‘कॉन्फ्लुएन्स ऑफ बिज़नेस एंड प्रोफेशन (व्यापारी और पेशेवरों का संगम)’ विषय पर भव्य सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में व्यापारियों, उद्योगपतियों और सीएस प्रोफेशनल्स के बीच समन्वय, कानूनी जागरूकता और औद्योगिक विकास के नए अवसरों पर व्यापक मंथन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ आगरा शाखा के अध्यक्ष सी एस अनुज अशोक अग्रवाल ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने सभी अतिथियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि कंपनी सेक्रेटरी का प्रोफेशन एक सम्मानजनक और सुनहरा भविष्य प्रदान करता है तथा भारत सरकार द्वारा कंपनी कानून में प्रस्तावित बदलाव व्यापारियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होंगे। ...