ग्रीष्मकालीन विधि इंटर्नशिप कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ
आगरा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा एवं लीगल एड क्लीनिक, विधि संकाय, आगरा कॉलेज के संयुक्त प्रयास से आयोजित ग्रीष्मकालीन विधि इंटर्नशिप कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह आज आगरा कॉलेज के सेमिनार हॉल में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ संयुक्त रूप से एडीजे प्रथम श्री राजेंद्र प्रसाद, अपर जिला जज/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ. दिव्यानंद द्विवेदी, विधि सलाहकार डॉ. बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय डॉ. अरुण दीक्षित, प्राचार्य प्रोफेसर सी.के. गौतम, विधि संकायाध्यक्ष प्रोफेसर मोअज्जम खान, विधि विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डी.सी. मिश्रा, प्रोफेसर रीता निगम, श्री बांके बिहारी एजुकेशनल सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन शर्मा, शिक्षाविद् नकुल सारस्वत द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर डॉ. दिव्यानंद द्विवेदी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए इंटर्नशिप के महत्व को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि "विधिक शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य तभी पूर्ण होता है जब विद्यार्थी व्यवहारिक रूप से न्यायिक प्रक्रिया को समझें और समाज के वंचित वर्गों के लिए सेवा भाव से कार्य करें।" उन्होंने इंटर्नशिप को विधिक कौशल, मानवाधिकार जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ते हुए इसे करियर निर्माण का एक महत्वपूर्ण आधार बताया।
वक्ताओं ने विधि छात्रों को समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए कार्य करने हेतु प्रेरित किया तथा विधिक ज्ञान के व्यावहारिक उपयोग पर बल दिया। कार्यक्रम में आगरा जोन के विभिन्न जनपदों से चयनित विधि छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्हें श्रम कानून, पारिवारिक कानून, किशोर न्याय अधिनियम आदि विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर रीता निगम द्वारा किया गया, प्राचार्य प्रोफेसर सी.के. गौतम ने स्वागत उद्बोधन दिया एवं संकायाध्यक्ष प्रोफेसर मोअज्जम खान ने आभार व्यक्त किया। इंटर्नशिप में अतिथि वक्ता के रूप में डॉ. निमेश (मानसिक आरोग्यशाला, आगरा), श्री नागेश सिंह (जेलर, जिला कारागार, आगरा) ने अपने उद्बोधन दिए। आज के सत्रों में प्रमुख रूप से विधि विभाग से प्रोफेसर उमेश कुमार, प्रोफेसर संजीव शर्मा, प्रोफेसर मनीष तिवारी, डॉ. रिजु निगम, और मीडिया प्रभारी डॉ. गौरव कौशिक के अतिरिक्त वीरेंद्र सिंह कुशवाहा (एडवोकेट), ललित त्रिवेदी, आशीष शर्मा, महेंद्र सिंह फौजदार एवं इंटर्न विद्यार्थी उपस्थित रहे।
संवाददाता: धर्मेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट आगरा

Comments
Post a Comment