महिला मंडली द्वारा झूलेलाल का चालिहा महोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ।
आगरा। शहीद नगर स्थित श्री झूलेलाल मंदिर में पूज्य सिंधी पंचायत एवं महिला मंडली द्वारा चल रहा भगवान श्री झूलेलाल जी का चालिहा महोत्सव रविवार को बड़े ही श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर सबसे पहले वरिष्ठ समाजसेवी श्याम भोजवानी, हीरा नंद देवनानी ने पूज्य बहिराणा साहेब जी की ज्योति प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। चालीस दिवसीय इस पर्व में प्रतिदिन सुबह-शाम भक्ति कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं ने व्रत रखकर गीत, भजन और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से भगवान झूलेलाल साईं की आराधना की। समापन दिवस पर मंदिर प्रांगण भक्ति और आनंद से सराबोर रहा। नारंगी परिधान और सिर पर झूलेलाल नाम की टोपी पहने महिलाएँ भक्तिरस में झूम उठीं। भजनों की गूंज, जय-जयकार और ढोल-नगाड़ों के साथ श्रद्धालु नाचते-गाते चालिहा उत्सव मनाते रहे। भव्य भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान झूलेलाल साईं का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि भक्ति, आस्था और सामूहिक एकता से ही समाज में सच्ची शक्ति और सद्भावना का संचार होता है। मुख्य रूप से श्याम भोजवानी, हीरानंद देवनानी दौलत मोडवानी, मोहनलाल मोडवानी, रमेश देवनानी, पीतांबर चंदानी, संजय देवनानी,भानु खानचंदानी, सुंदर दास, हरीश रामानी, जसवंत, किशोर कुशलानी, अनिल मोडवानी, गंगाधर केसनानी, ताराचंद खुशलानी,रिया तलरेजा, चंद्रा रामानी, गीता खानचंदानी, कोमल नाजवानी भावना रामानी, गोदावरी देवी, पूजा देवनानी, दिव्या कोठारी, दीपा चंदानी, निर्मला, गीता रजवानी, अनीता चावला, ईश्वरी देवी, लाजवंती, अनीता आदि मौजूद रही।

Comments
Post a Comment