तोता का ताल स्थित प्राचीन खेमेश्वर नाथ महादेव मंदिर में चल रही नौ दिवसीय श्रीराम कथा का समापन गुरुवार को अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ।
आगरा। तोता का ताल स्थित प्राचीन खेमेश्वर नाथ महादेव मंदिर में चल रही नौ दिवसीय श्रीराम कथा का समापन गुरुवार को अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। 27 अगस्त से 4 सितम्बर तक आयोजित इस कथा में प्रतिदिन भक्तों का अपार उत्साह और आस्था देखने को मिली।
समापन दिवस पर कथा के नवें प्रसंग में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक का भावपूर्ण मंचन किया गया। राज्याभिषेक की झांकी अत्यंत भव्य और मनोहारी रही, जिस पर पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने प्रभु का स्वागत किया। तत्पश्चात श्रीराम की आरती उतारी गई और मंदिर परिसर "जय श्रीराम" के मंगलमय जयकारों से गूंज उठा।
कथावाचक पं. गरिमा किशोरी जी ने अपने मधुर वाणी से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, और उनके जीवन से जुड़े अनुपम प्रसंगों का ऐसा वर्णन किया कि उपस्थित श्रोता भावविभोर हो उठे। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि प्रभु श्रीराम के जीवन के आदर्शों—सत्य, धर्म और मर्यादा—को अपने जीवन में धारण कर समाज को नई दिशा दें।
इस अवसर पर धर्मप्रेमी बंधु, मातृशक्ति, क्षेत्र के गणमान्य जन एवं अनेक श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और उन्होंने कथा के इस भव्य समापन का आनंद लिया। इस शुभ अवसर पर परीक्षित अजय सुनीता माहौर,श्याम चाँदनी भोजवानी, नवल शर्मा, सचिन यादव, मुकेश यादव, शिव प्रसाद शर्मा, रवि माहौर, सोनू, नितिन सैनी, किशोर सैनी, गुरविंदर आहूजा, वीरू सैनी, राकेश दिवाकर, भगवान सिंह, मनोज माहौर, ओमप्रकाश, बंटी माहौर, आदि लोग उपस्थित रहे।
संवाददाता: धर्मेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट आगरा..


Comments
Post a Comment