नववर्ष 2026 पर मारुति नंदन की भक्ति में डूबा प्राचीन श्री हनुमान मंदिर- “मारुति नंदन, तुम मेरी सुनो ए रघु नंदन… मारुति नंदन, सुन लो मेरी पुकार…”
आगरा। नववर्ष 2026 के पावन अवसर पर माल रोड स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर में भक्ति, संगीत और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। वर्ष के मंगल आरंभ की कामना के साथ भक्तों द्वारा सभी के मंगलमय की कामना। संगीतमय सुंदरकांड पाठ एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शनों परिवार सहित मंदिर पहुचे।
इस अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से आकर्षक एवं मनोहारी सजावट से सजाया गया। रंग-बिरंगी रोशनी, पुष्पों की सुगंध और भक्तों की आस्था से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। बाबा हनुमान का विशेष फूल बंगला सजाया गया तथा दिव्य श्रृंगार कर नववर्ष में सुख-समृद्धि की कामना की गई। बाबा के अलौकिक दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देर रात तक लगी रही।
भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक बलवीर सिंह बल्लो ने नववर्ष को समर्पित भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी।
“मारुति नंदन, तुम मेरी सुनो ए रघु नंदन…”
और “बजरंग बली की जय हो, संकट सब कट जाए…”
जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे, पूरा मंदिर परिसर “जय बजरंग बली” और “हनुमान जी की जय” के जयकारों से गूंज उठा।
मंदिर के महंत योगेश भारद्वाज जी ने नववर्ष के अवसर पर अपने आशीर्वचनों में कहा कि नया वर्ष सेवा, सदाचार और भक्ति के मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का समय है, उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के लिए सुख, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम के समापन पर भक्तों ने सामूहिक रूप से बाबा के जयकारे लगाते हुए भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया, श्रद्धा, संगीत और उल्लास से परिपूर्ण यह नववर्ष विशेष आयोजन देर रात्रि तक चलता रहा और भक्तों के लिए स्मरणीय बन गया।
मुख्य रूप से मौजूद रहें अभिषेक तोमर, भरत सिखरवार, हर्षिल भोजवानी, सत्यम शर्मा, किशन शर्मा, अमित कपूर, पंकज भाई, गोपाल शुक्ला, अमित, टीकम सिंह, मनोज गुप्ता, रामनिवास गुप्ता, माधव भारद्वाज, समीर नागपाल सहित समस्त भक्तगण।


Comments
Post a Comment