मोती कटरा में उमड़ा आस्था का सागर, भव्यता के साथ प्रारंभ हुआ 2625वां महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव

आगरा। मोती कटरा स्थित श्री महावीर स्वामी दिगम्बर जैन मंदिर में 2625वें भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महामहोत्सव एवं रथोत्सव के प्रथम दिवस पर श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।आचार्यश्री चैत्य सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में शनिवार, 28 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे पुष्पों, आकर्षक विद्युत सज्जा और भव्य अलंकरण से सजाया गया था। वहीं आसपास के क्षेत्र को तोरण द्वार, धार्मिक ध्वजों और बैनरों से सुसज्जित कर पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया गया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा मोती कटरा क्षेत्र एक दिव्य आध्यात्मिक आभा में सराबोर हो उठा हो।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7 बजे नित्य नियम पूजन एवं भगवान महावीर स्वामी के अभिषेक से हुआ। इसके उपरांत प्रातः 7:30 बजे से 11 बजे तक पंच परमेष्ठी विधान का भव्य आयोजन पंडित ऋषभ जैन शास्त्री के निर्देशन में संपन्न हुआ। मंत्रोच्चार, शांतिधारा एवं विधिवत पूजा-अर्चना के बीच श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य एवं अपरिग्रह के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर आचार्यश्री चैत्य सागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचन में कहा कि यह महोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक जागरण का माध्यम है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से पांच दिवसीय कार्यक्रमों में अधिकाधिक भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि 12 वर्षों बाद मोती कटरा क्षेत्र को यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है, जो अत्यंत हर्ष और गर्व का विषय है। सायंकालीन कार्यक्रम संत निलय, जत्ती कटरा (तार की गली) में आयोजित हुआ, जहां रात्रि 7 बजे से 10 बजे तक तीर्थंकर बालक की माता के सोलह स्वप्न एवं गर्भ कल्याणक की भव्य क्रियाएं श्रद्धापूर्वक सम्पन्न कराई गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान महावीर के गर्भकालीन प्रसंगों को जीवंत रूप में दर्शाया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री अनंत कुमार जैन ने किया।इस अवसर पर अनंत कुमार जैन,अजीत प्रसाद जैन, अरुण पाटनी, राकेश जैन पर्देवाले,मनोज जैन बल्लो,रविंद्र जैन,विनोद जैन, विकास जैन,जयंती प्रसाद जैन, पीयूष जैन,मीडिया प्रभारी शुभम जैन,हेमलता जैन अरूणा जैन, शशि सेठी,अंतरा जैन, अंजना जैन, संध्या जैन सहित समस्त जैन समाज की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन समिति द्वारा की गई उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के चलते सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। महोत्सव के आगामी दिनों को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिल रही है।


 संवाददाता धर्मेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट आगरा...

Comments

Popular posts from this blog

जय झूलेलाल के जयघोष से गूंजा नीलगिरी सिंध एनक्लेव, आस्था-भक्ति के संग भव्य जयंती उत्सव”

सूरसदन में वार्षिक उत्सव 2025 का भव्य आयोजन - दीप प्रज्वलन से हुई शुरुआत, बच्चों की कृष्ण लीला पर आधारित प्रस्तुतियों ने जीता हृदय

चुन्नीलाल अग्रवाल धर्मशाला फर्जीवाड़े में नया मोड़ अग्रवाल समाज में फैला आक्रोश