आवास विकास में 48 दिवसीय भक्तामर विधान का भव्य शुभारंभ, दीपों से जगमगाया मंदिर परिसर
आगरा। आवास विकास कॉलोनी (सेक्टर 7) स्थित श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में 'श्री शांतिनाथ महिला मंडल' के तत्वावधान में 48 दिवसीय भक्तामर विधान का अत्यंत भव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री हीरालाल बैनाड़ा एवं श्रीमती बीना बैनाड़ा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। यह मांगलिक आयोजन निरंतर 48 दिनों तक पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ संचालित रहेगा।
इस पावन विधान का मुख्य उद्देश्य मानव जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करना है। इसके साथ ही विश्व में व्याप्त अशांति, द्वेष और नकारात्मकता को दूर कर सर्वत्र शांति, सौहार्द तथा सद्भाव का वातावरण निर्मित करने की मंगल कामना इस अनुष्ठान के माध्यम से की जा रही है। मंदिर परिसर में संपूर्ण जैन समाज द्वारा बेहद उत्साह और अटूट भक्ति भाव के साथ धार्मिक क्रियाएं संपन्न की जा रही हैं।
सैकड़ों दीपों से आलोकित हुआ मंदिर परिसर:
विधान के विशेष क्रम में मंदिर परिसर में एक भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों दीपों की कतारों से संपूर्ण जैन मंदिर प्रांगण जगमगा उठा। आलोक पर्व के इस मनमोहक दृश्य ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस वृहद अनुष्ठान में भक्तामर जी के पावन श्लोकों का संगीतमय वाचन श्री राजेश बैनाड़ा, श्री प्रवीण जैन, श्रीमती भारती जैन एवं श्रीमती मीनू जैन द्वारा अत्यंत सुमधुर कंठ से किया जा रहा है, जिससे संपूर्ण वातावरण धर्ममय हो गया है। कार्यक्रम में समस्त जैन समाज सेक्टर-7 के भक्तगण बड़ी संख्या में उपस्थित होकर दीप प्रज्वलित कर रहे हैं और सामूहिक आराधना कर परम पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
आयोजन में प्रमुख सहयोग:
इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में श्री शांति महिला मंडल की अध्यक्ष अर्चना जैन, मंत्री हेमलता जैन, सचि जैन, संरक्षक रचना, प्रगति जैन, श्री शांति वधू मंडल की अध्यक्ष उपासना, मंत्री रश्मि जैन, तथा श्री शांति युवा मंच के अध्यक्ष सिद्धार्थ व मंत्री आलोक का विशेष योगदान व ऊर्जावान नेतृत्व रहा है।
इसके साथ ही मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री अतुल जैन, मंत्री श्री राकेश जैन, श्रीमती चंदा जैन एवं मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित समस्त जैन समाज सेक्टर-7 का विशेष और सराहनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है। सभी ने सामूहिक रूप से विश्व कल्याण की मंगल कामना की।
संवाददाता: धर्मेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट आगरा...



Comments
Post a Comment