अष्टम बड़वा मंगल पर संकट मोचन दरबार में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक कृष्णा ठाकुर और 'कृष्णा म्यूजिकल ग्रुप' ने बांधा समां
बाबा के जयकारों से गुंजायमान हुआ माल रोड, देर रात तक भक्ति रस में सराबोर रहे श्रद्धालु
आगरा। माल रोड स्थित प्राचीन दक्षिणमुखी श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में अष्टम एवं अंतिम बड़वा मंगल का पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर बाबा संकट मोचन के दरबार में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और सामूहिक सुंदरकांड पाठ में सहभागिता कर बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आकर्षक सजावट और मनोहारी झांकियां
बड़वा मंगल के उपलक्ष्य में संपूर्ण मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था। हनुमान जी के दिव्य व भव्य श्रृंगार की अद्भुत छटा ने सभी भक्तों का मन मोह लिया। इस दौरान वीर बजरंगबली एवं राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकी सजाई गई, जिसके दर्शन कर भक्तों को प्रभु मिलन की अलौकिक अनुभूति हुई। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
सायंकाल आयोजित भव्य भजन संध्या में देश के प्रसिद्ध भजन गायक कृष्णा ठाकुर एवं 'कृष्णा म्यूजिकल ग्रुप' के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। बाबा के भक्त भक्ति भजनों पर देर रात तक झूमते-नाचते रहे। पूरा मंदिर परिसर 'जय श्रीराम' और 'वीर बजरंगबली' के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा।
धार्मिक आयोजन देते हैं मानवता का संदेश
मंदिर के महंत पं. योगेश भारद्वाज (छोटे गुरुजी) ने भक्तों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि:"बड़वा मंगल का यह महापर्व सेवा, समर्पण, आस्था और मानव कल्याण का संदेश देता है। श्री हनुमान जी की कृपा से भक्तों के सभी संकट दूर होते हैं और जीवन में शक्ति, साहस व सद्बुद्धि का संचार होता है।"
वहीं कार्यक्रम में मौजूद विशिष्ट अतिथि व समाजसेवी श्याम भोजवानी ने कहा कि:
"ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारे एवं सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं। सनातन परंपराओं से नई पीढ़ी को जोड़ने में इन आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।"
कार्यक्रम के समापन पर बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसके बाद आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा संकट मोचन के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की।
इस भव्य धार्मिक उत्सव में मुख्य रूप से महंत पं. योगेश भारद्वाज (छोटे गुरु जी), डॉ. सिमरन वत्सल्य उपाध्याय, समाजसेवी श्याम भोजवानी, अजय सिसोदिया, विवेक गुप्ता, माधव भारद्वाज, अमूल्य कक्कड़, गोपाल शुक्ला, अमित कपूर, मनोज गुप्ता, पंकज कुमार, टीकम सिंह, रामनिवास, संजय कोहली, भोला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
संवाददाता: धर्मेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट आगरा....

Comments
Post a Comment