गुरु पूर्णिमा पर चेतना स्तंभ में सजा भव्य कीर्तन दरबार, 650 दीपों से जगमगाया परिसर
आगरा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर फिरोजाबाद रोड स्थित छलेसर चेतना स्तंभ में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की कुटिया पर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भव्य कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संत गुरु रविदास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर गुरु महिमा के प्रतीक स्वरूप 650 दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिनकी दिव्य आभा से पूरा परिसर आध्यात्मिक प्रकाश से आलोकित हो उठा। पावन तीर्थ श्री सचखंड हेमकुंड साहिब के हजूरी रागी वीर हरप्रीत सिंह जत्थे ने गुरबाणी कीर्तन एवं कथा का रसपूर्ण गायन कर संगत को भाव-विभोर कर दिया। श्रद्धालु गुरु महिमा का गुणगान सुन भक्ति रस में सराबोर हो गए और पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण छा गया। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में अरदास कर सुख-समृद्धि की कामना की तथा गुरु का अटूट लंगर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में पधारे सभी अतिथियों का रविकांत मुल्लाजी ने पटका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, समाजसेवी श्याम भोजवानी, रोहित कत्याल, रामबाबू हरित, इंद्रजीत सिंह आर्य, देवकीनंदन सोन, बिजेंद्र सिंह, दिनेश भारती, मानवीर चौहान, राजू परमार, अनिल सारस्वत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संवाददाता धर्मेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट आगरा....


Comments
Post a Comment