डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में कारगिल विजय दिवस पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, गुंजन सक्सेना के जीवन पर आधारित नाटक ने जीता दिल
'देशभक्ति केवल शब्द नहीं, जीवन का संकल्प है': कारगिल विजय दिवस पर बोले पूर्व वायु सेना अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह
कारगिल के वीर नायकों को डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल की भावांजलि, विद्यार्थियों ने नाटकों व देशभक्ति प्रस्तुतियों से जगाया राष्ट्रगौरव
आगरा। डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के अतुल्य भारत सांस्कृतिक सभागार में कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति से ओत-प्रोत विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के मन में राष्ट्रप्रेम, शहीदों के प्रति अटूट श्रद्धा, भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति सम्मान तथा भारत माता की सेवा के लिए समर्पण की भावना जाग्रत करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष एवं भारतीय वायु सेना के पूर्व अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह और विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा भारतीय वायु सेना की फ्लाइट लेफ्टिनेंट गुंजन सक्सेना के जीवन पर आधारित एक अत्यंत प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति मंचित की गई। विद्यार्थियों ने उनके संघर्ष, साहस और कारगिल युद्ध के दौरान जोखिमपूर्ण हेलिकॉप्टर मिशनों के माध्यम से की गई देशसेवा को जीवंत अभिनय से साकार कर दिया। इसके अलावा देशभक्ति गीत, ओजस्वी कविताएँ, प्रेरक भाषण, समूहगान और नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सम्पूर्ण सभागार को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
संस्थान के अध्यक्ष एवं पूर्व वायु सेना अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा, "मैंने स्वयं वायु सेना की वर्दी पहनकर देश सेवा की है, इसलिए पूरे विश्वास से कह सकता हूँ कि देशभक्ति केवल एक शब्द नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प है। फ्लाइट लेफ्टिनेंट गुंजन सक्सेना भारतीय नारी शक्ति और साहस की प्रतीक हैं। देशभक्ति केवल सीमा पर हथियार उठाना ही नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा से पालन करना भी सच्ची देशसेवा है।"
विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने कहा कि देशप्रेम किसी एक दिन तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह हमारे रोज़ाना के विचारों और व्यवहार में दिखना चाहिए। आज के बच्चों की प्रस्तुतियों ने साबित कर दिया है कि नई पीढ़ी के दिलों में राष्ट्रभक्ति की ज्योति पूरी प्रखरता से जल रही है।
कार्यक्रम के दौरान डीन एडमिनिस्ट्रेशन चंद्रशेखर डैंग, समन्वयक योगी चाहर, सौम्या मिश्रा, सुनयना चंद्रा, प्राची यादव, अंकित कुमार, दिव्या खंडेलवाल, पलक जैन सहित समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
संवाददाता: धर्मेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट आगरा....



Comments
Post a Comment