राखी बांधकर छात्राओं ने दिलाया सड़क सुरक्षा का संकल्प, 100 हेलमेट किए वितरित
डॉलीज पब्लिक इंटर कॉलेज की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक व पोस्टरों से किया यातायात नियमों के प्रति जागरूक
आगरा। 27 अगस्त श्री नेमिरा मेमोरियल सोसाइटी के तत्वावधान में डॉलीज पब्लिक इंटर कॉलेज की कक्षा VI से XII तक की छात्राओं द्वारा गुरुवार को बल्केश्वर चौराहे पर रक्षाबंधन के अवसर पर हेलमेट वितरण एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने राहगीरों और वाहन चालकों को राखी बांधकर सुरक्षित यात्रा का संकल्प दिलाया तथा 100 हेलमेट वितरित किए।
प्रातः 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने आकर्षक पोस्टरों, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता संदेशों के माध्यम से यातायात नियमों के पालन का महत्व बताया। छात्राओं ने “भैया मेरे राखी के बंधन को निभाना, हेलमेट पहनकर ही बाहर जाना” का संदेश देते हुए दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया।
सोसाइटी के चेयरमैन वी.के. मित्तल ने कहा कि बेटियां देश की शक्ति हैं और जब बेटियां सड़क सुरक्षा का संदेश देती हैं तो पूरा समाज जागरूक होता है। उन्होंने प्रत्येक घर में हेलमेट पहनने की आदत विकसित करने पर जोर दिया।
डायरेक्टर मनीष मित्तल ने कहा कि रक्षाबंधन सुरक्षा का प्रतीक है। यदि बहनों द्वारा बांधी गई राखी के साथ सुरक्षा का संदेश भी हर व्यक्ति तक पहुंचे तो यह समाज के लिए सबसे बड़ा उपहार होगा।
को-चेयरमैन रीना जलान ने छात्राओं की पहल को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि सुरक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी रक्षा है और इस अभियान को हर घर तक पहुंचाया जाना चाहिए। वहीं को-डायरेक्टर डॉ. स्वाति चंद्रा ने कहा कि आज की बेटियां ही कल की जिम्मेदार नागरिक बनेंगी और सड़क सुरक्षा के प्रति उनका यह प्रयास पूरे आगरा के लिए प्रेरणादायक है।
प्रधानाचार्या नूपुर सिंघल ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि अनुशासन, सुरक्षा और जागरूकता ही सच्ची शिक्षा है। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इस अवसर पर नितिन अग्रवाल, आशीष गोयल, अमित अग्रवाल, मोहन गोयल, हरेश पंजवानी, राजकिशोर गुप्ता, ओम प्रकाश गोयल, भोलेनाथ अग्रवाल एवं सीमा सिंघल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल कोऑर्डिनेटर पूनम सिंघल एवं रिचा खंडेलवाल तथा मयंक, पलक, तान्या, रानी, राजीव, धर्मेश सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यातायात पुलिस और आम नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डॉलीज पब्लिक इंटर कॉलेज समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को जागरूक करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाने का सराहनीय कार्य कर रहा है।
संवाददाता धर्मेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट आगरा...



Comments
Post a Comment