मेधा योग स्तर-2 से विद्यार्थियों में विकसित हो रही शारीरिक-मानसिक सजगता

प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन


आगरा। विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक सजगता, भावनात्मक संतुलन एवं एकाग्रता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से तीन दिवसीय ‘मेधा योग स्तर-2’ कार्यक्रम का आयोजन 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक किया जा रहा है। कक्षा नौ के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में छात्रों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस विद्यार्थियों को ध्यान, सुदर्शन क्रिया, प्राणायाम एवं मुद्रा अभ्यास कराया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को मानसिक शांति, एकाग्रता तथा शरीर और मन के बेहतर समन्वय का अनुभव कराया गया। साथ ही विद्यार्थियों को 108 बार सूर्य नमस्कार के महत्व एवं उससे जुड़े शारीरिक और मानसिक लाभों से परिचित कराया गया।

कार्यक्रम को सहभागितापूर्ण एवं रुचिकर बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों और खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों की एकाग्रता, सजगता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं आत्म-जागरूकता विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों ने ‘मुद्रा प्राणायाम’ का अभ्यास भी किया। वहीं सत्संग के माध्यम से उन्हें सकारात्मक चिंतन, आत्म-अनुशासन एवं जीवन-मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम का मार्गदर्शन आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम के वरिष्ठ संकाय सदस्य श्री प्रदीप पाठक एवं डॉ. संगीता झा द्वारा किया जा रहा है। विद्यालय की स्थानीय संकाय सदस्य श्रीमती रुचिरा ढल एवं स्वयंसेवक मोना आसवानी कार्यक्रम के सुचारु संचालन में सहयोग प्रदान कर रही हैं।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के संतुलित, स्वस्थ, सजग और सकारात्मक व्यक्तित्व का निर्माण करना भी है। ‘मेधा योग स्तर-2’ इसी समग्र शिक्षा-दृष्टि को व्यवहार में उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

विद्यालय निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों में निहित क्षमताओं को पहचानकर उन्हें सही दिशा देना शिक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। योग, ध्यान और जीवन-कौशल आधारित कार्यक्रम विद्यार्थियों को स्वयं से जुड़ने, अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने तथा जीवन की चुनौतियों का संतुलित ढंग से सामना करने में सहायक होते हैं।


 संवाददाता धर्मेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट आगरा...

Comments

Popular posts from this blog

विभिन्न पाठ्यक्रमों के लगभग 600 नवागत छात्रों का हुआ भव्य स्वागत

जय झूलेलाल के जयघोष से गूंजा नीलगिरी सिंध एनक्लेव, आस्था-भक्ति के संग भव्य जयंती उत्सव”

पारस पर्ल्स के बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन, निवासियों को सुविधा नहीं खुद कर रहा मोटी कमाई