एमएसएमई उद्यमियों को सशक्त बनाने की दिशा में पीएनबी का मेगा आउटरीच कार्यक्रम
पंजाब नेशनल बैंक द्वारा फाउंड्री नगर स्थित पीपीडीसी (एमएसएमई टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट सेंटर) में आयोजित एमएसएमई मेगा आउटरीच कार्यक्रम का शुभारंभ करते महाप्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक नई दिल्ली अमिताभ आनंद एवं पीपीडीसी के फील्ड ऑफिसर प्रतीक पाराशर। साथ हैं पीएनबी आगरा की जोनल हेड अंजू मित्तल और सर्किल हेड संजय कुमार श्रीवास्तव।
आगरा। देश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक द्वारा फाउंड्री नगर स्थित पीपीडीसी (एमएसएमई टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट सेंटर) में एमएसएमई मेगा आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि महाप्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक नई दिल्ली अमिताभ आनंद, विशिष्ट अतिथि पीपीडीसी के फील्ड ऑफिसर प्रतीक पाराशर, पीएनबी आगरा की जोनल हेड अंजू मित्तल और सर्किल हेड संजय कुमार श्रीवास्तव और डिप्टी जोनल हेड अनिल आनंद द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित उद्यमियों का स्वागत करते हुए पीएनबी आगरा की जोनल हेड अंजू मित्तल ने प्रस्तावना प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को एक सशक्त आर्थिक महाशक्ति बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में एमएसएमई क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि भारत की जीडीपी में एमएसएमई सेक्टर का बड़ा योगदान है, और इस क्षेत्र के समग्र विकास से ही आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो सकता है।
फाउंड्री नगर स्थित पीपीडीसी में कार्यक्रम, करोड़ों के लोन स्वीकृति पत्र वितरित
डिजिटल बैंकिंग से आसान हुआ ऋण, घर बैठे मिल रही सुविधा
एमएसएमई सेक्टर के विकास से ही बनेगा भारत आर्थिक महाशक्ति
इस अवसर पर महा प्रबंधक पीएनबी नई दिल्ली अमिताभ आनंद ने उद्यमियों को संबोधित करते हुए बैंक की डिजिटल पहल और आसान ऋण प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैंकिंग सेवाओं के डिजिटलीकरण से अब लोन प्रक्रिया अत्यंत सरल और पारदर्शी हो गई है। उद्यमी घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से भी ऋण के लिए आवेदन कर सकते हैं और शीघ्र स्वीकृति प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक एमएसएमई सेक्टर को वित्तीय सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उद्यमियों को सशक्त बना रहा है।
पीपीडीसी फील्ड ऑफिसर प्रतीक पाराशर ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार द्वारा एमएसएमई उद्योगों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उद्यमियों को तकनीकी उन्नयन, गुणवत्ता सुधार एवं प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए उपलब्ध सरकारी सहायता योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदान की जा रही सब्सिडी, प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहायता योजनाएं उद्योगों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान 8 एमएसएमई उद्यमियों को 5 करोड़ से 15 करोड़ रुपये तक के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए, जिससे उद्यमियों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला। यह पहल न केवल उद्योगों के विस्तार में सहायक होगी, बल्कि रोजगार सृजन को भी बढ़ावा देगी।
कार्यक्रम का समापन पीएनबी आगरा के सर्किल हेड संजय कुमार श्रीवास्तव द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों एवं उद्यमियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से एमएसएमई सेक्टर को निरंतर सहयोग प्रदान किया जाता रहेगा।
संवाददाता: धर्मेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट आगरा....


Comments
Post a Comment