समाजवादी पार्टी की सरकार ने 2003 भगवान अग्रसेन जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था, लेकिन 2017 में योगी सरकार ने निरस्त कर दिया, अब 2027 में अखिलेश सरकार बनने पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा : विनय अग्रवाल
भगवान अग्रसेन के समाजवाद को डॉ लोहिया और मुलायम सिंह जी ने आगे बढ़ाया अखिलेश जी आगे बढ़ा रहे हैं
आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री माननीय श्री अखिलेश यादव जी के निर्देश पर प्रदेशभर में भगवान महाराजा अग्रसेन जी की जयंती तथा प्रखर समाजवादी नेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की जयंती आज दिनांक 11 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी कार्यालय फतेहाबाद रोड पर मनाई गई। इसी क्रम में आगरा में भी दोनों महापुरुषों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के आगरा दक्षिण विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2003 में समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में भगवान महाराजा अग्रसेन जी की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था, जिसे वर्ष 2017 में भाजपा सरकार ने निरस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर भगवान महाराजा अग्रसेन जी की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश पुनः घोषित किया जाएगा।
विनय अग्रवाल ने कहा कि भगवान महाराजा अग्रसेन जी का समाजवाद अनूठा, व्यावहारिक और मानवता को समानता का संदेश देने वाला है। भगवान अग्रसेन जी के समाजवाद और सामाजिक समानता के विचारों को डॉ. राममनोहर लोहिया जी ने अपने समाजवादी चिंतन में आगे बढ़ाया, नेताजी स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी ने उन्हें जनकल्याण और सामाजिक न्याय की राजनीति से जोड़ा और आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी पीडीए की अवधारणा के माध्यम से सामाजिक न्याय, सम्मान और समान अवसर के इस विचार को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान महाराजा अग्रसेन जी का एक रुपया और एक ईंट का सिद्धांत आज भी सामाजिक सहयोग, आर्थिक समानता और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा देता है। मान्यता के अनुसार, उनके राज्य में आने वाले प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता के लिए नगर के परिवार एक रुपया और एक ईंट का सहयोग करते थे, जिससे वह अपना मकान बना सके और रोजगार शुरू कर सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सके।
विनय अग्रवाल ने कहा कि भगवान अग्रसेन जी का एक रुपया और एक ईंट का सिद्धांत पीडीए की भावना को समझने का एक सशक्त उदाहरण है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर पिछड़े, दलित, वंचित व्यक्तियों को सम्मान एवं आगे बढ़ने के समान अवसर देने का संदेश निहित है।
उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के लोकतांत्रिक विचार, डॉ. लोहिया जी का समाजवादी चिंतन, नेताजी मुलायम सिंह यादव जी की सामाजिक न्याय की राजनीति और अखिलेश यादव जी की पीडीए की अवधारणा सामाजिक समानता की परंपरा को आगे बढ़ाने की कड़ी हैं।
विनय अग्रवाल ने मांग की कि भगवान महाराजा अग्रसेन जी के सामाजिक योगदान और उनके महान आदर्शों के सम्मान में उनकी जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए, ताकि उनके एक रुपया और एक ईंट के सिद्धांत को जन-जन तक पहुँचाया जा सके और समाज में सहयोग, भाईचारे एवं समानता की भावना को मजबूत किया जा सके।

Comments
Post a Comment