ओल्ड ईदगाह कॉलोनी में मुनि श्री समत्वसागर जी ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश-
गुरुदेव के जयकारों से गूंजा जैन मंदिर परिसर, 15 अक्टूबर से होगा श्री जिन सहस्रनाम महामंडल विधान का आयोजन
आगरा। ओल्ड ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में 14 अक्टूबर को परम पूज्य मुनि श्री 108 समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभातसागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश हुआ। राहुल विहार स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर से बैंड-बाजों और श्रद्धालुओं के भक्तिभाव के बीच मंगल विहार प्रारंभ हुआ। मुनि संघ के मंदिर पहुंचने पर जैन समाज के लोगों ने भावपूर्ण स्वागत एवं अगवानी कर गुरुदेव का मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर परिसर गुरुदेव के जयकारों से गूंज उठा और संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो गया। मंगल प्रवेश के दौरान मुनि श्री ने मंदिर में विराजमान अतिशयकारी भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन किए। इसके उपरांत श्रद्धालुओं को मंगल प्रवचन देते हुए धर्म, शांति, संयम और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने धर्म के माध्यम से जीवन को श्रेष्ठ बनाने और आध्यात्मिक मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया। गुरुदेव के दर्शन एवं मंगल आशीर्वाद प्राप्त कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में 15 से 19 अक्टूबर तक श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर, ओल्ड ईदगाह कॉलोनी में श्री जिन सहस्रनाम महामंडल विधान का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के प्रथम दिन 15 अक्टूबर को प्रातः 7 बजे मंदिर परिसर से विशाल घटयात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है और धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां की जा रही हैं। इस अवसर पर मंदिर समिति के रिखबचंद जैन, अतुल जैन, अजित जैन, विजय जैन, विनय जैन, हेमंत जैन, राजकुमार जैन, अनिल जैन, सनी जैन, विकास जैन, चन्द्रदीप जैन, पंकज जैन, दीपक जैन, कपिल जैन, आशीष जैन, विनीत जैन, नितिन जैन, शुभम जैन, दीप्ति जैन, रेखा जैन, दीपा जैन, रेनू जैन सहित ओल्ड ईदगाह कॉलोनी जैन समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।



Comments
Post a Comment