पंचवटी कॉलोनी में मां भगवती के दरबार में गूंजे भजन-कीर्तन और जयकारे
आगरा। पार्श्वनाथ पंचवटी कॉलोनी, ताजनगरी में शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मां भगवती के दरबार में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। नवरात्र के तीसरे दिन महिला मंडल की ओर से पंचवटी परिवार के साथ मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन एवं महाआरती का आयोजन किया गया।
भजन-कीर्तन के दौरान ढोलक की थाप और मधुर भजनों के बीच श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे। महिला मंडल की सदस्यों ने मां भगवती के भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बीच-बीच में गूंजते ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा।
रंग-बिरंगी रोशनी से सुसज्जित मां भगवती का दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। मां के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। भजन-कीर्तन के उपरांत आरती की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं सर्वकल्याण की कामना की।
महिला मंडल की प्रमुख सुमन चाहर ने बताया कि यह आयोजन पंचवटी परिवार की सामूहिक आस्था, मातृशक्ति की धार्मिक सक्रियता तथा आपसी प्रेम एवं सद्भाव का सुंदर उदाहरण बना।
आयोजन में सुमन चाहर, कंचन चौधरी, चांदनी भोजवानी, गीता आहूजा, मीरा चौबे, कुसुम गुप्ता, संतोष गुप्ता, सुमन शर्मा, लक्ष्मी दुबे, लक्ष्मी पैंगोरिया, उषा, सुलेखा, प्रभा, जसोरिया, सरिता, अर्चना, प्रीति, सुमन अग्रवाल एवं राजकुमारी लोहिया सहित समस्त महिला मंडल की सदस्याओं की सहभागिता रही।

Comments
Post a Comment