कुत्तों को खाना खिलाने पर कैफे संचालक पर जानलेवा हमला- सिकन्दरा थाना में आरोपी के खिलाफ एफआईआर न करने पर कैस्पर्स होंम, पीएफए व एसपीसीए के सदस्यों ने डीसीपी कार्यालय में सौंपा ज्ञापन


 आगरा। बेजुबानों का पेट भरने के लिए उन्हें खाना देना भी अब अपराध बन गया है। सिकन्दरा भावना एस्टेट स्थित कैफे संचालक रवि चतुर्वेदी के साथ मारपीट कर उनका सिर इसलिए फोड़ दिया गया कि वह अपनी दुकान के सामने कुत्तों को खाना डालते थे। उन्होंने कुछ लोगों पर जान से मारने, मारपीट करने, गाली-गलौज करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। सिकन्दरा थाना पहुंचने पर एफआईआर इस शर्त पर लिखने को कहा गया कि जानलेवा हमले की बात न लिखी जाए।इस पर आज कैस्पर्स होम, पीएफए और एसपीसीए के सदस्यों संग पीड़ित ने डीसीपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। जहां एफआईआर करने का आश्वासन दिया गया। 

प्रार्थना पत्र के अनुसार, रवि चतुर्वेदी पुत्र स्वर्गीय सतीश चंद्र चतुर्वेदी, निवासी ए-314, राम रघु आनंदा फेज-2, आगरा ने बताया कि उनकी सोसायटी के सामने टी-पॉइंट पर उनका कैफे संचालित है। आरोप है कि कुछ लोग वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट व गाली-गलौज की। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उनके साथ बर्बरता की और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। पीड़ित ने अपने कैफे को हुए नुकसान का अनुमान एक लाख रुपये से अधिक बताया है। उन्होंने कहा कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है, जिसमें कथित घटना दिखाई देने की बात कही गई है। प्रार्थना पत्र में कुछ लोगों के नाम भी दर्ज किए गए हैं, जिनमें मोनू यादव, जीतू यादव उर्फ अन्ना और रामू यादव शामिल हैं। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद भी उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और दोबारा मारपीट करने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में निजी संपत्ति में अनधिकृत प्रवेश, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, जान से मारने के प्रयास, आपराधिक धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही, कुत्तों को नुकसान पहुंचाने से संबंधित आरोप का भी उल्लेख किया गया है। इस अवसर पर एसपीसीए से कैस्पर्स होम की संचालिका विनीता अरोरा, पीएफए से ऋचा गुप्ता, राम अवतार, एसपीसीए से विनोद गर्ग आचार्य, कैस्पर्स होम से सुरेखा पसरीचा, के. बग्गा, पीड़ित रवि चतुर्वेदी, गीता चतुर्वेदी तथा हाथरस एसपीसीए से दिव्यांश शर्मा और अलीशा शर्मा मौजूद थे।

Comments

Popular posts from this blog

विभिन्न पाठ्यक्रमों के लगभग 600 नवागत छात्रों का हुआ भव्य स्वागत

जय झूलेलाल के जयघोष से गूंजा नीलगिरी सिंध एनक्लेव, आस्था-भक्ति के संग भव्य जयंती उत्सव”

पारस पर्ल्स के बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन, निवासियों को सुविधा नहीं खुद कर रहा मोटी कमाई